हिन्द सन्देश टाइम्स ब्यूरो –
महराजगंज। एपीएम एकेडमी, पिपरलाला के प्रतिभाशाली छात्र शुभम कन्नौजिया ने अपनी कला से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। गोरखपुर के बाबा गम्भीरनाथ सभागार, तारामंडल में आयोजित “राष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव 2025” के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता “अभिव्यंजन” में शुभम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
यह प्रतियोगिता अभियान थिएटर ग्रुप, गोरखपुर एवं भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शुभम को दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में मंच पर प्रमाण पत्र एवं ₹1100/- की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
शुभम की इस सफलता से एपीएम एकेडमी में हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने शुभम को आशीर्वाद देते हुए कहा कि—
“शुभम की यह उपलब्धि न केवल एपीएम एकेडमी बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि मेहनत और सृजनशीलता से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।”
वहीं विद्यालय के डायरेक्टर श्री रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने शुभम को बधाई देते हुए कहा—
“शुभम ने अपनी कला से विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी लगन और रचनात्मकता हम सभी के लिए प्रेरणा है। हमें उनके उज्जवल भविष्य की पूर्ण आशा है।”
पूरे विद्यालय परिवार ने शुभम कन्नौजिया की इस शानदार सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की है।