श्याम कृष्ण पाठक की रिपोट
फरेन्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गोपालपुर दुबे (महादेव) स्थित सहकारी समिति (सोसाइटी) पर तैनात सचिव राम प्रकाश द्वारा निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक दर पर खाद बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सचिव द्वारा खाद की बिक्री 280 रुपये प्रति बोरी की दर से की जा रही है, जो निर्धारित मूल्य से अधिक है।
जानकारी के अनुसार खाद की ओवररेटिंग से क्षेत्र के किसानों में आक्रोश फैल गया। इस अनियमितता के विरोध में अजीत दुबे, उमेश, संदीप, अमरजीत, उपेंद्र, दिनेश मौर्य, गौरी पांडेय, प्रेमशंकर पांडे, चंद्रशेखर, गंगा सरन मौर्य सहित अनेक किसानों ने एकजुट होकर सोसाइटी परिसर में विरोध दर्ज कराया। किसानों का कहना है कि पहले से ही महंगे इनपुट और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे किसानों पर इस तरह की अवैध वसूली अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मांग की कि खाद की बिक्री निर्धारित सरकारी दर पर ही की जाए तथा ओवररेटिंग में लिप्त जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन को और तेज करेंगे।