मछली गांव नगर इकाई के अंतर्गत परमा पाटन देवी इंटर कॉलेज में व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों की कई गंभीर समस्याओं को सामने रखा गया।
जानकारी के अनुसार, एबीवीपी कॉलेज इकाई के कार्यकर्ता निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचे, लेकिन प्राचार्य लगभग दो घंटे की देरी से विद्यालय आए। कार्यकर्ताओं द्वारा बार-बार आग्रह करने के बावजूद प्राचार्य ने छात्रों से ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर ज्ञापन फेंकते हुए छात्रों को धमकाना शुरू कर दिया। इस व्यवहार से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मामले की सूचना उच्च पदाधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही मछली गांव नगर के नगर मंत्री अजय नायक, जिला संयोजक राहुल पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और प्राचार्य से मिलकर ज्ञापन देने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुनः ज्ञापन लेने से मना कर दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता विद्यालय परिसर में ही शांतिपूर्वक धरने पर बैठ गए।
मौके की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के शिक्षकों ने हस्तक्षेप करते हुए प्राचार्य को समझाया, जिसके बाद उन्होंने ज्ञापन स्वीकार किया और तीन दिन के भीतर सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगर मंत्री अजय नायक ने कहा कि एबीवीपी वर्ष भर शैक्षणिक परिसरों में छात्रों के हित में कार्य करती है और अनियमितताओं को ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनका समाधान कराती है। उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक को फोन के माध्यम से भी दी गई है। ज्ञापन में शिक्षकों का समय से विद्यालय न आना, शिक्षण कार्य के बजाय बाहर घूमना तथा विद्यालय का निर्धारित समय से न खुलना जैसी गंभीर समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गई हैं।
इस दौरान नगर मंत्री अजय नायक, जिला संयोजक राहुल पासवान, शिवशंकर मौर्य, शनि, अनिल भारती, मुकेश मौर्य सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।