महराजगंज आज दिनांक 16 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को जनपद महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में उ०प्र० उद्योग व्यापार मंडल के जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी महराजगंज श्री संतोष कुमार शर्मा को एक पत्रक सौंपा।
पत्रक के माध्यम से प्रमोद जायसवाल ने आग्रह किया कि सिसवा बाजार को तहसील बनाने के लिए आधिकारिक सर्वे कराया जाए तथा उसकी सर्वे रिपोर्ट माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन को भेजी जाए, जिससे सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
उन्होंने बताया कि सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने की मांग लंबे समय से व्यापारियों व आमजन द्वारा उठाई जा रही है। हाल ही में हुई ऐतिहासिक बंदी इस जनआकांक्षा का स्पष्ट प्रमाण है। सिसवा बाजार, जो अब नगर पालिका बन चुका है, कभी एक बड़ा व्यापारिक केंद्र व थोक मंडी हुआ करता था, लेकिन व्यापारियों के आवागमन में कमी, सुलभ संसाधनों के अभाव और बाहरी व्यापारियों के मोहभंग के कारण यहां का व्यापार लगातार कमजोर होता जा रहा है, जिससे घरेलू व्यापार प्रभावित हुआ है।
प्रमोद जायसवाल ने कहा कि सिसवा के व्यापारी वर्षों से राजनीतिक उपेक्षा के शिकार रहे हैं। चुनावों में तहसील बनाने के वादे तो किए गए, लेकिन बाद में मांग को अनदेखा कर दिया गया, जो व्यापारियों के लिए पीड़ादायक है। तहसील की मांग पूरी न होने से जनआक्रोश बढ़ा और 05 जनवरी 2026 (सोमवार) को सिसवा के सभी रेहड़ी, पटरी, छोटे-बड़े दुकानदारों ने साहसिक व ऐतिहासिक बंदी का निर्णय लिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी के आधिकारिक प्रयासों से सिसवा को तहसील बनाए जाने का सपना साकार हो सकता है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से अनुरोध किया कि अपने स्तर से आधिकारिक सर्वे कराकर सर्वे रिपोर्ट मुख्यमंत्री को प्रेषित की जाए, ताकि सिसवा को तहसील बनाने की आधारशिला रखी जा सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश भालोटिया, वैष्णो सोनी सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।