लखनऊ में रिश्वतखोर दरोगा गिरफ्तार, 13 हजार लेते ACB ने दौड़ाकर पकड़ा

उत्तर प्रदेश

कार सीज मामले में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांग रहे एक दरोगा को ACB टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम के पहुंचते ही आरोपी दरोगा मौके से भागने लगा, लेकिन ACB कर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार दरोगा की पहचान अमर कुमार के रूप में हुई है, जो PGI थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी चौकी में तैनात था। आरोप है कि उसने सीज की गई कार को रिलीज कराने के लिए न्यायालय में रिपोर्ट भेजने के बदले ₹13,000 की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित शशांक ने इसकी शिकायत ACB से की थी।
योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने चौकी के पास दरोगा को पैसे सौंपे, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे ट्रैप कर लिया। गिरफ्तारी के बाद केमिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें हाथ धुलवाने पर पानी का रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
इसके बाद आरोपी दरोगा को गोसाईगंज थाने ले जाकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। बताया गया कि अमर कुमार देवरिया जिले के रामपुर कारखाना का रहने वाला है और वर्ष 2023 बैच का दरोगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *