महराजगंज, 29 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में राजस्व एवं विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व, उद्योग, खनन, पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान बी, सी एवं डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तत्काल सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति बढ़ाने के लिए प्राप्त आवेदनों पर टेली कॉलिंग कर लाभार्थियों से संपर्क करने के निर्देश दिए। साथ ही फैमिली आईडी निर्माण की प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष कर एवं राजस्व प्राप्ति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि तहसीलों के साथ समन्वय स्थापित कर आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) का मिलान सुनिश्चित किया जाए, ताकि राजस्व वसूली प्रभावी रूप से की जा सके। इस क्रम में परिवहन, विद्युत एवं आबकारी विभाग को विशेष रूप से राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखें। जिन योजनाओं में प्रगति खराब पाई जाएगी, वहां जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री कन्हैया यादव, सहायक पर्यटन अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।