सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट–जेईई कक्षाओं का शुभारंभ

महराजगंज उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, विद्यार्थियों को दिया आत्मविश्वास व अनुशासन का संदेश

 

महराजगंज, जनपद के प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट एवं जेईई कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह की उपस्थिति में किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं को निरंतर बेहतर बनाने की प्रेरणा दी। साथ ही मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए अध्ययन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्युदय योजना जैसे मंच विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, संसाधन और दिशा प्रदान करते हैं। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए अभ्युदय योजना शुरू की गई है, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी छात्र अपने सपनों से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि पहले यह योजना सिविल सेवा परीक्षाओं तक सीमित थी, जिसे अब नीट एवं जेईई जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं तक विस्तारित कर दिया गया है। इन कक्षाओं में अनुभवी शिक्षक, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित मॉक टेस्ट, पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास तथा कमजोर विषयों पर विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। नीट–जेईई की ये कक्षाएं सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में संचालित होंगी, जिनका लाभ जनपद का कोई भी इच्छुक विद्यार्थी ले सकता है।

 

पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने कहा कि अभ्युदय योजना विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है। पहले बच्चों को कोचिंग के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था, लेकिन अब सरकार द्वारा यह सुविधा निःशुल्क और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप अभ्युदय योजना का विस्तार नीट–जेईई तक किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को कुशल शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं देवी सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कर्मवीर पटेल ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

 

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पी.के. शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विपिन कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभ्युदय योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *