शिवशम्भू खड्डा कुशीनगर
छितौनी, कुशीनगर :- हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पनियहवां स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर भीतर घुसे और लगभग 14 पेटी अंग्रेजी शराब तथा करीब 24 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात दुकान बंद कर सेल्समैन घर चला गया था। इसी दौरान चोरों ने पीछे की ओर से दीवार में सेंध लगाकर दुकान में प्रवेश किया और सुनियोजित ढंग से शराब की पेटियों व नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी के तरीके को देखते हुए यह घटना पेशेवर चोर गिरोह की करतूत मानी जा रही है।

मंगलवार सुबह दुकान संचालक के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुकान संचालक द्वारा थाने में लिखित तहरीर दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।