खड्डा तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप, बिना नोटिस गरीब महिला का घर तोड़ने का मामला
शिव शम्भू सिंह
खड्डा, कुशीनगर।
खड्डा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर जंगल में तहसील प्रशासन की कार्रवाई को लेकर एक गरीब परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता अनाड़ी देवी पत्नी यदुवंश हरिजन का आरोप है कि वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर वर्षों से घर बनाकर परिवार सहित रह रही थीं, लेकिन 4 जनवरी को खड्डा तहसील प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना और बिना नोटिस दिए जेसीबी लगाकर उनका घर तोड़ दिया।
पीड़िता के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान थाना हनुमानगंज की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। अनाड़ी देवी का कहना है कि घर गिराने के बाद पुलिस उन्हें और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को थाने ले जाकर बैठा दिया, जिससे वे अपने सामान तक नहीं बचा सके।
अनाड़ी देवी ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भू-माफियाओं की मिलीभगत से कराई गई है। उनका कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों से साठगांठ कर उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कराने की साजिश रची जा रही है। पीड़िता ने बताया कि उनके पति की आंखों से दिखाई नहीं देता और परिवार मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करता है।
घर टूटने के बाद परिवार के सामने ठंड के इस मौसम में रहने और खाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर उन्हें पहले से कोई नोटिस या आदेश दिया जाता तो वे अपना पक्ष रख सकते थे, लेकिन बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के सीधी कार्रवाई कर दी गई।
स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि यह मामला गरीब और कमजोर वर्ग के साथ अत्याचार का प्रतीत होता है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और रहने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।