महराजगंज :- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर बुधवार को जनपद महराजगंज में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) के कार्यालय में जनपद के समस्त दोपहिया वाहन डीलरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न वाहन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि वाहन बिक्री के समय प्रत्येक ग्राहक को अनिवार्य रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाए तथा वाहन चालक को हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही, लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने जनपद के सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय चालक एवं सहयात्री दोनों मानक के अनुरूप हेलमेट का प्रयोग करें। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई।
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है। परिवहन विभाग, महराजगंज