महराजगंज में विश्वकर्मा सम्मान समारोह के अंतर्गत 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 07 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र महराजगंज के तत्वावधान में विश्वकर्मा सम्मान समारोह के तहत बाला जी लॉन में 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उन्हें नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाएगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने, अपने जीवन स्तर को ऊँचा उठाने तथा अपने साथ कार्य करने वाले लोगों के जीवन को भी सुखमय बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं विश्वकर्मा टूल किट लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा 10 महिलाओं को सिलाई मशीन एवं विश्वकर्मा सम्मान योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को टूल किट का वितरण भी किया गया।

विश्वकर्मा सम्मान समारोह का आयोजन विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी *एक जनपद एक उत्पाद (ODOP)* योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, महराजगंज द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 07 जनवरी 2026 को किया गया। योजना के अंतर्गत जनपद महराजगंज में फर्नीचर से जुड़े कुल 350 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन यू.पी. इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे “लोकल फॉर वोकल” को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग श्री अभिषेक प्रियदर्शी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गायक अनीश सोनी एवं आशुतोष सिंह द्वारा किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *