भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजमंदिर गांव निवासी विवाहिता दुर्गावती पत्नी अखिलेश ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर गंभीर उत्पीड़न और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर भिटौली थाना पुलिस ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व भिटौली थाना क्षेत्र के राजमंदिर निवासी अखिलेश से सम्पन्न हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने को लेकर लगातार ताने दिए जाने लगे और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना की जाती रही। पीड़िता के अनुसार आरोप है कि आए दिन मारपीट की जाती थी और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया।
दुर्गावती ने यह भी जानकारी देते हुऐ बताया कि एक दिन पति व अन्य ससुरालियों ने एकजुट होकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और गैलेन्डर से काटकर हत्या करने का प्रयास किया। लेकिन किसी तरह जान बचाकर वह मौके से भागने में सफल रही।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति अखिलेश, सास वृंदावती, जेठ दिलीप तथा जेठानी रेशमा के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।