निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 02 फरवरी 2026 :- जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने आज तहसील निचलौल क्षेत्र में निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेस्क्यू सेंटर में प्रस्तावित विभिन्न संरचनाओं का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल सहित अन्य निर्माणाधीन इकाइयों का जायजा लिया। उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए तथा ईंट, सरिया व अन्य निर्माण सामग्री की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित कराई जाए, जिससे निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ हो।

इस दौरान डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की मूल डीपीआर में संपर्क मार्ग और विद्युत संयोजन का प्रावधान शामिल नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र अनुपूरक मांग प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सेंटर के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर जनपद में तेंदुओं के संरक्षण एवं सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। यह न केवल वन्यजीव संरक्षण को सुदृढ़ करेगा, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगा, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

उल्लेखनीय है कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर परियोजना की कुल लागत लगभग 14 करोड़ रुपये है। परियोजना के अंतर्गत वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल, वन्यजीव बाड़ा सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।

निरीक्षण के अवसर पर डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे, एसडीएम सदर श्री सिद्धार्थ गुप्ता, रेंजर मधवलिया श्री अजीत भास्कर सहित वन विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *