युवती को परेशान करने के आरोप में युवक की गला दबाकर हत्या, दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश क्राइम

वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने किया हत्याकांड का खुलासा

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में युवक यशवंत कुमार उम्र लगभग 26 वर्ष की हत्या के सम्बन्ध में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती को परेशान करने और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसका शोषण करने के आरोप को लेकर चल रही रंजिश में युवक की हत्या की गई। थाना वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे अमहट से हाईवे जाने वाले मोड़ के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक यशवंत कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, गोरखपुर में संविदा पर कार्यरत था। 8 सितंबर को वह बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। नगर बाजार तक वह अपने मामा के बेटे अंकित के साथ रहा, इसके बाद लापता हो गया। अगले दिन उसकी बाइक दुबौलिया बैरागल के किनारे और शव वाल्टरगंज क्षेत्र अन्तर्गत धमौरा के पास सड़क किनारे बरामद हुआ था।

युवती को परेशान करने का लगाया था आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में  गिरफ्तार रामललित चौधरी ने बताया कि वह सोना देवी की बेटी रीमा से प्रेम करता था। सोना देवी का आरोप था कि यशवंत उसकी बहन की बेटी गुड़िया को परेशान करता था और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसका शोषण कर रहा था। इसके चलते गुड़िया की शादी में भी परेशानी आ रही थी। इसी कथित रंजिश के चलते यशवंत की हत्या की योजना बनाई गई।

गन्ने के खेत के पास ले जाकर दबाया गला

पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की रात यशवंत को बहाने से गन्ने के खेत के पास ले जाया गया। वहां आरोपितों ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को उसकी बाइक से धमौरा के पास सड़क किनारे ले जाकर फेंक दिया गया।

मोबाइल, दस्तावेज और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल, मृतक का पासपोर्ट, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 2,070 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामललित चौधरी (29), निवासी पनेराभारी, थाना हरैया तथा सोना देवी (55), निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *