महराजगंज :- भारत -नेपाल सीमा पर नशा तस्करी की एक बड़ी साजिश को पुलिस और एसएसबी की मुस्तैद टीम ने समय रहते किया नाकाम । एसपी सोमेंद्र मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगदवा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्यवाही में दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर खास कि सूचना के आधार पर ग्राम चकरार स्थित बैरियर चेकपोस्ट के पास सीमा स्तंभ क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान बाइक से सीमा पार करने की फिराक में पहुंचे दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 150 शीशी प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें 50 शीशी डायजापाम, 50 शीशी बुप्रेनोर्फिन और 50 शीशी फेनिरामाइन शामिल हैं। साथ ही एक बाइक, दो मोबाइल फोन और 2022 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रौशन गुप्ता उम्र लगभग 19 वर्ष निवासी गड़ौरा और खालिद उम्र लगभग 18 वर्ष निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी क्षेत्र के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे नशीले इंजेक्शनों को ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से सीमा पार ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है। साथ ही इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस सफल कार्यवाही में बरगदवा थाने के एसआई स्वेन्द्र नारायण मिश्र, शिवम राय, मुख्य आरक्षी अतीक अहमद, पवन कुमार तथा एसएसबी से एसआई युवराज सिंह, एएसआई कुशललाल और आरक्षी मनोज, विष्णु व रोहित राणा शामिल रहे।
एसपी सोमेंद्र मीना ने साफ कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।