डीएम का बस स्टेशन पर अचानक दौरा, यात्री सुविधाओं की हकीकत परखी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज :- जनपद के बस स्टेशन की व्यवस्थाओं को परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को महराजगंज बस स्टेशन का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, कार्यालयों की स्थिति, साफ-सफाई तथा बस संचालन की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के समय कई कार्यालयों में गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयों सहित पूरे स्टेशन परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिलाधिकारी ने बस स्टेशन परिसर में लंबे समय से बंद अथवा अव्यवस्थित ढंग से संचालित दुकानों और कैंटीन के संबंध में भी निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन्हें शीघ्र व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए बनाए गए प्रतीक्षालयों की व्यवस्था सुधारने और उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

बसों के संचालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि महराजगंज डिपो की 60 बसों समेत लगभग 100 बसें गोरखपुर, फरेंदा और ठूठीबारी मार्ग पर प्रतिदिन संचालित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने यात्री दबाव और आवश्यकता के अनुसार बस रूट एवं संचालन व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए तथा कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *