अनुसूचित बस्ती के रास्ते का अधूरा कार्य, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की शिकायत

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। विकास खण्ड परतावल क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत बड़हरा बरईपार  में पश्चिम टोला (अनुसूचित बस्ती) में कराए जा रहे निर्माण कार्य जो लगभग 10 माह पूर्व से अधूरा छोड़ दिया गया था जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरा कार्य होने के कारण आवागमन में गंभीर परेशानी हो रही हैं। अधूरे मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया है।

दिए गए प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती तक पहुंचने के लिए मार्ग का निर्माण कार्य कुछ माह पहले शुरू कराया गया था, लेकिन आज लगभग 10 माह से वह पूरा नहीं हो सका। संबंधित अधिकारियों द्वारा कई बार आश्वासन दिया गया, इसके बाद भी मौके पर काम आगे नहीं बढ़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, रास्ता अधूरा होने से बस्ती के लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि हम लोग रास्ते के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर मौके का सत्यापन कराया जाए और जल्द से जल्द सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *