महराजगंज, 11 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सुचिता एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से श्री गणेश शंकर विद्यार्थी इंटरमीडिएट कॉलेज के सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को तनावमुक्त माहौल मिले तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और पूरी सतर्कता के साथ व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने में कक्ष निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सजगता से करें।
विद्यार्थियों की सुरक्षित आवागमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। परीक्षा में प्रयुक्त वाहनों की स्थिति संतोषजनक होनी चाहिए। पुलिस विभाग को चालकों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि किसी भी विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र न रोका जाए। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। प्रवेश पत्रों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि विद्यार्थियों की वर्षभर की मेहनत इस परीक्षा से जुड़ी होती है।
प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुनिश्चित की जाएगी। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम (मो. नं. 9454417468) से संपर्क करने के लिए निर्देशित किया गया। केंद्र व्यवस्थापकों को संबंधित थानाध्यक्षों के मोबाइल नंबर लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने को भी कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर, रिजर्व स्टैटिक मजिस्ट्रेट राजमणि, अजय कुमार राय, अशोक कुमार, विनोद कुमार सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया।