कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मटिया बुजुर्ग में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता आरती पत्नी भोला गोड ने आरोप लगाया है कि 14 जनवरी 2026 को उसके साथ गांव के ही कुछ लोगों ने बुरी तरह मारपीट की, जिसकी लिखित तहरीर उसने खड्डा थाने में दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता आरती के अनुसार, गांव के टुनटुन सिंह, काजल पत्नी टुनटुन सिंह, दारा पुत्र छेदी तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने जमीनी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट की। आरती का कहना है कि वह गरीब महिला है और अपने दो छोटे बच्चों के साथ मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रही है। आरोप है कि विवादित जमीन को लेकर दबंग पक्ष लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है।
आरती ने बताया कि घटना के बाद उसने खड्डा थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पीड़िता और उसके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो वह पुलिस अधीक्षक कुशीनगर तथा उत्तर प्रदेश सरकार से न्याय की गुहार लगाएगी।
अब देखना यह है कि स्थानीय पुलिस इस प्रकरण में क्या कदम उठाती है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।