परतावल की तीन ग्राम पंचायतें जांच के घेरे में, राज्य कर विभाग ने मांगा हिसाब-किताब

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल की तीन ग्राम पंचायतें—कम्हरिया खुर्द, पिपरा लाला और रामपुर चकिया—कर संबंधी अनियमितताओं की आशंका को लेकर जांच के दायरे में आ गई हैं। कार्यालय उपायुक्त राज्य कर, खंड-1 महराजगंज की ओर से 12 फरवरी 2026 को जारी नोटिस में वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की सामग्री खरीद एवं भुगतान से जुड़े सभी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह कार्रवाई जीएसटी व्यवस्था के अंतर्गत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की जा रही है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि परफॉर्मेंस ग्रांट योजना के तहत किए गए भुगतान में 4 प्रतिशत टीडीएस (2% आयकर, 1% सीजीएसटी और 1% एसजीएसटी) की कटौती तो की गई, लेकिन उसे सरकारी खाते में जमा नहीं कराया गया। साथ ही संबंधित अवधियों में जीएसटीआर-7 रिटर्न भी दाखिल नहीं किए गए।

विभागीय सूत्रों के अनुसार वर्ष 2025-26 में भी इसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता के संकेत मिले हैं, जिसे गंभीर चूक माना जा रहा है। उपायुक्त कार्यालय ने संबंधित ग्राम पंचायतों से भुगतान प्राप्त करने वाली फर्मों का नाम-पता, जीएसटी नंबर, भुगतान राशि तथा बिलों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने को कहा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधान के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *