(हिन्द सन्देश टाइम्स) शिव शम्भू सिंह
खड्डा/कुशीनगर:- नगर पंचायत छितौनी के सुभाष नगर में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी और निर्णायक कार्यवाही करते हुए मुसहर समाज को आवंटित पट्टा भूमि से अवैध अतिक्रमण हटा दिया। लंबे समय से विवादित चल रही इस जमीन को खाली कराने के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम दोपहर में मौके पर पहुंची।
कार्यवाही एसडीएम खड्डा रामवीर सिंह, सीओ खड्डा वीरेंद्र कुमार सिंह और अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार यादव की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीन से करीब आधा दर्जन अस्थायी झोपड़ीनुमा संरचनाओं को हटाया गया।

बताया जाता है कि पूर्व में मुसहर समाज के पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टा आवंटित किया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने जमीन पर अस्थायी कब्जा कर लिया था। पट्टाधारियों द्वारा लगातार प्रशासन से शिकायत और न्याय की गुहार लगाई जा रही थी। मामले की जांच के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।
कार्यवाही के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

अतिक्रमण हटने के बाद अब लाभार्थियों के लिए अपने आवास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुसहर समाज के लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए आभार जताया और कहा कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें अपनी जमीन पर अधिकार मिला है।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी अथवा पट्टा भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्यवाही जारी रहेगी।
इस दौरान थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव, हल्का लेखपाल धीरज शुक्ला, नगर पंचायत के कर्मचारी व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।