महराजगंज। जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों में पिछले सात माह से मानदेय न मिलने को लेकर गहरा असंतोष व्याप्त है। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की जिला इकाई महराजगंज के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन प्रेषित कर बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अगस्त 2025 से अब तक ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत स्तर पर अहम जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय से पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा है।
संघ के अनुसार लगातार देरी के कारण कई रोजगार सेवकों को उधार और कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है। पारिवारिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन हो गया है। त्योहारों के दौरान आर्थिक दबाव और बढ़ जाता है, जिससे मानसिक तनाव की स्थिति बन रही है।
जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने कहा कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने मांग की कि शासन स्तर पर तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित मानदेय का भुगतान कराया जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो ग्राम रोजगार सेवक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान इंद्रमणि विश्वकर्मा, अंबिका प्रसाद, अनीता वर्मा, असगर अली, राजेश तिवारी, प्रमोद कुमार, बंधु मद्धेशिया (ब्लॉक अध्यक्ष घुघली), राहुल गुप्ता (ब्लॉक मंत्री घुघली), अंजना गुप्ता, संगीता पांडेय, राजेश प्रजापति, शिल्पी राय, गंगोत्री, रीता देवी, राजकुमार, अयोध्या, सर्वेश कुमार, बाबूराम, राम आशीष पटेल (ब्लॉक अध्यक्ष मिठौरा), राजेंद्र प्रसाद, धनराज, सदानंद पटेल, मोहन लाल सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।