ग्राम पंचायत बड़हरा में जिलाधिकारी ने लगाई ग्राम चौपाल, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

Blog

प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजन, विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

महराजगंज, 07 मार्च 2026:- विकास खंड नौतनवा की ग्राम पंचायत बड़हरा में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसलिए गांव स्तर पर ही ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित विकास कार्यों को अभियान चलाकर पूरा किया जाए। मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक हों। इसी उद्देश्य से चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन भी कराए गए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से गांव में आते हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

चौपाल में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है। इससे बिजली बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी प्राप्त की जा सकती है।

खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की जनसंख्या 2614 और कुल परिवारों की संख्या 508 है। गांव में 569 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 644 किसानों को किसान सम्मान निधि, 450 को पात्र गृहस्थी कार्ड, 33 को अंत्योदय कार्ड, 94 को वृद्धावस्था पेंशन, 21 को निराश्रित महिला पेंशन और 10 लोगों को दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा 336 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री और 56 परिवारों की फैमिली आईडी भी बनाई जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से 77 लोगों को चिकित्सीय परामर्श और दवा दी गई तथा 26 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी नौतनवा सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *