भिटौली/महराजगंज:- भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र पर एक महिला ने फर्जी मुकदमा दर्ज करने, थर्ड डिग्री देने और वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी है।
पीड़िता सीमा वर्मा का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति के बहकावे में आकर 6 मार्च को थानाध्यक्ष ने उसे और उसके बच्चों को थाने बुला लिया। महिला का कहना है कि थाने पर उसके बेटे को बंद कर दिया गया और उसके साथ तथा उसके पुत्र के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और थर्ड डिग्री दी गई।
महिला के अनुसार बाद में उसके और उसके पुत्र विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया, जिसके बाद दोनों को न्यायालय से जमानत मिली। पीड़िता का यह भी आरोप है कि थानाध्यक्ष द्वारा अब तक उससे करीब 35 हजार रुपये वसूले जा चुके हैं और अधिक धनराशि की मांग की जा रही है।
वहीं दूसरे पक्ष पर आरोप है कि उसने जानबूझकर बिजली के पोल से टकराकर सिर में चोट लगा ली और बाद में महिला के परिवार को बेवजह मामले में फंसाने की कोशिश की। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता भी हो गया था।
इस संबंध में भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि परिवार के भीतर मारपीट की घटना हुई थी, जिसके आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत चालान किया गया है। उनका कहना है कि इसी कार्यवाही से क्षुब्ध होकर उन पर इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं।
फिलहाल मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।