महराजगंज :- कोतवाली थाना क्षेत्र से धर्म परिवर्तन का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है, जहां एक साथ 100 से अधिक लोगों के एकत्रित होने की सूचना मिली। मामले की जानकारी होने पर हिंदूवादी नेता एवं गोरक्ष प्रांत के जिला संयोजक अम्बरीश शर्मा ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की हैं ।
जानकारी के अनुसार महाराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर पालिका के अन्तर्गत वार्ड नंबर 10 इंदिरा नगर में स्थित कंजड़ बस्ती में रविवार 8 मार्च को ईसाई धर्म के कुछ प्रचारकों पर गरीब और अनुसूचित जनजाति के लोगों को धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया गया है।
अम्बरीश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके संगठन के कार्यकर्ताओं ने सूचना दी कि उक्त स्थान पर प्रत्येक रविवार को चंगाई सभा के नाम पर लोगों को बुलाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। सूचना मिलने पर वह नगर अध्यक्ष आनंद अग्रहरि एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ 8 मार्च को लगभग दोपहर 12 बजे पुलिस को सूचना देते हुए मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर ईसाई धर्म के प्रचारकों द्वारा धर्म परिवर्तन का कार्य कराया जा रहा था, जहां करीब 150 की संख्या में अनुसूचित जनजाति, गरीब और मजबूर लोग चंगाई सभा के नाम पर एकत्रित थे। आरोप है कि इन लोगों को धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। मौके से बाइबिल की पुस्तकें भी बरामद होने की बात कही गई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि अम्बरीश शर्मा की तहरीर के आधार पर संजय, विजय, विशाल, करण, बल्लो, अनीता, हजारी, सुनील, मुन्नी, बिटिया तथा पनमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।