परतावल/महराजगंज:- चैत्र रामनवमी की पूर्व संध्या पर हिंदू नव वर्ष के स्वागत को लेकर नगर पंचायत परतावल में उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व पूर्व सांसद प्रतिनिधि काशीनाथ सिंह के नेतृत्व में आजाद नगर स्थित उनके आवास से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों युवाओं व कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली आजाद नगर से प्रारंभ होकर पोस्ट ऑफिस, परतावल बाजार, बभनौली, परतावल चौराहा, छातिराम, हॉस्पिटल रोड, नौरंगा टोला, तिवारी टोला सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर का व्यापक भ्रमण कर पुनः आवास पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय श्री राम”, “हर हर महादेव” और “नव वर्ष मंगलमय हो” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
परतावल चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए काशीनाथ सिंह ने कहा कि 19 मार्च को चैत्र रामनवमी के साथ विक्रम संवत 2083 का शुभारंभ हो रहा है, जो भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि इसी पावन तिथि पर भगवान श्रीराम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे। साथ ही यह दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. बलिराम हेडगेवार के जन्मदिवस के रूप में भी मनाया जाता है तथा पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सृष्टि की रचना भी इसी दिन ब्रह्मा जी द्वारा की गई थी।
रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों को हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया।
इस दौरान विजय जायसवाल, राजन वर्मा, बलराम गुप्ता, रवि राणा, संदीप रंजन, रमेश मोदनवाल, गंगाधर पांडेय, मुकुल शर्मा, संजय जायसवाल, जगदीश तिवारी, टुनटुन चौधरी, सोहन चौधरी, आदर्श यादव, शनि साहनी, शीत जायसवाल, विनय सिंह, प्रमोद चौधरी, राहुल, सूरज शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में हिंदू युवा वाहिनी एवं भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।