हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की साइबर सेल टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार युवक की पूरी ठगी गई धनराशि वापस कराकर मिसाल पेश की है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को 34,800 रुपये की शत-प्रतिशत रकम वापस दिलाई।
बताया जा रहा है कि 29 मार्च 2026 को श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सोहनपुर उर्फ सोनकटिया निवासी अब्दुल करीम पुत्र रिजवानुल्लाह ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 34,800 रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराधों में त्वरित बरामदगी के अभियान के तहत थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मामले की गहन जांच की। तकनीकी और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए टीम ने ठगी गई पूरी रकम सफलतापूर्वक रिकवर कर ली।
इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर धनराशि पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर कर दी गई।
अपनी पूरी रकम वापस मिलने पर पीड़ित अब्दुल करीम ने पुलिस टीम का आभार जताया और कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक अक्षय सिंह, कांस्टेबल ऑपरेटर ग्रेड-ए ओम प्रकाश, कांस्टेबल राजकुमार एवं महिला कांस्टेबल अनीता पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि बचाई जा सके।