हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज :- भिटौली थाना क्षेत्र अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग NH 730 पर तरकुलवा तिवारी के पास में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल व साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलकर राख हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (नंबर UP 53 DZ 9708) ने पहले मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा टोला निवासी भोला उम्र लगभग 38 वर्ष पुत्र राम विलास तथा श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम निवासी सूर्यभान उम्र लगभग 62 वर्ष, पुत्र अयोध्या की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, हादसे में भोला की पत्नी सुमन उम्र लगभग 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों अपने को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि आए दिन हादसों को देखते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।