हिन्द सन्देश टाइम्स
परतावल/महराजगंज :-श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल मुख्य चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक ट्रेला और डम्पर की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहन पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेला (HR 63 C 0052) कप्तानगंज की ओर से तेज गति में पनियरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डम्पर (UP 79 AT 5990) को देखकर चालक ने अचानक दिशा बदलने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों भारी वाहन सड़क पर पलट गए। ट्रेला में रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जिससे सड़क पर तेल फैल गया और स्थिति और खतरनाक हो गई। वहीं, डम्पर खाली बताया जा रहा है।
हादसे की चपेट में चौराहे पर स्थित एक जूस कॉर्नर भी आ गया, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय दुकान पर कोई मौजूद नहीं था, वरना जनहानि और बढ़ सकती थी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं डम्पर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।