आनन्द पाण्डेय की रिपोट
परतावल (महराजगंज)। विकास खंड परतावल के ग्राम सभा सोहसा बासपार में सरकारी चकमार्ग की भूमि से अवैध मिट्टी खनन और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रशासक लीलावती देवी ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपकर खनन माफियाओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अभय उर्फ पल्लू पुत्र पुरुषोत्तम निवासी चौपरियां , पोस्ट पकड़ी दीक्षित, थाना श्यामदेउरवा सहित अन्य लोगों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के पिछले चार दिनों से जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इससे सरकारी चकमार्ग और सार्वजनिक भूमि को भारी क्षति पहुंची है।
ग्राम प्रशासक ने बताया कि 8 जून 2026 की रात भी अवैध खनन जारी था, जिसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना भिटौली तथा उपजिलाधिकारी को दी गई थी। इसके बावजूद सरकारी भूमि की खुदाई कर मिट्टी हटाई गई, जिससे चकमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
लीलावती देवी ने अपने ज्ञापन में कहा कि अवैध खनन से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि राजस्व विभाग को भी आर्थिक क्षति हो रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भूमि और चकमार्गों को बचाने के लिए अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।