परतावल/महराजगंज । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत परतावल स्थित नवीन मंडी परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बजरंग शाखा के स्वयंसेवकों द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने की।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध कटि चक्रासन, महाव्यायाम, मैराथन दौड़ एवं सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक राधेश्याम प्रजापति ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व एवं उसके नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए सभी आसनों का विधिवत अभ्यास कराया।
इस अवसर पर काशीनाथ सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन, वचन और कर्म को भी पवित्र बनाता है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। बजरंग शाखा के स्वयंसेवक प्रतिदिन योगाभ्यास कर समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम में सतीश कुमार जायसवाल, डॉ. बैजनाथ यादव, प्रभाशंकर मद्धेशिया, द्वारिका वर्मा, माखन भंडारी, रमेश मद्धेशिया, श्रीकांत, गंगाधर जायसवाल, अच्छेलाल, रामबेलास अंबेडकर, रविंद्र, अंकुर, धर्मेंद्र, शंकर, जयप्रकाश, जनार्दन चौरसिया, कैलाश, योगेंद्र, संतोष मद्धेशिया, महेंद्र सहित सैकड़ों व्यवसायी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।