परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहद्दीपुर बनकटिया निवासी सुखलाल गुप्ता द्वारा हल्का लेखपाल पर 30 हजार रुपये लेकर पैमाइश करने का आरोप लगाए जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हल्का लेखपाल ने आरोपों को पूरी तरह निराधार एवं बेबुनियाद बताते हुए खंडन किया है।
टेलीफोनिक वार्ता के दौरान हल्का लेखपाल ने कहा कि उनके ऊपर लगाया गया रिश्वत लेने का आरोप तथ्यों से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी राजस्व संबंधी कार्य शासन की निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों के अनुरूप किए हैं। लेखपाल ने कहा कि बिना किसी ठोस साक्ष्य के किसी सरकारी कर्मचारी पर इस प्रकार के आरोप लगाना उचित नहीं है, इससे उसकी सामाजिक एवं प्रशासनिक छवि प्रभावित होती है।
लेखपाल ने आरोपों पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की शिकायत है तो वह संबंधित सक्षम अधिकारी के समक्ष साक्ष्य सहित अपनी बात रख सकता है, जिससे निष्पक्ष जांच कराई जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है और सभी कार्य नियमानुसार संपादित किए जाते हैं।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सत्यता सामने लाने के लिए सक्षम अधिकारियों द्वारा जांच कराना आवश्यक है, जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।
फिलहाल लेखपाल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें असत्य एवं आधारहीन बताया है।