35 किमी पैदल चलकर परतावल पहुंची 9 वर्षीय बालिका, पुलिस ने तीन घंटे की तलाश के बाद परिजनों से मिलाया

महराजगंज उत्तर प्रदेश

आनन्द पाण्डेय की रिपोट 


परतावल/महराजगंज। मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए परतावल पुलिस चौकी ने 9 वर्षीय मासूम बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया।
जानकारी के अनुसार कांति चौहान (9), पुत्री गोबरी चौहान, निवासी हरपुर महंत, थाना भिटौली, जनपद महाराजगंज, अपनी मां के साथ गोरखपुर जनपद के थाना गुलरिया क्षेत्र के बरौली गांव में अपने मामा के घर रह रही थी। किसी शरारत को लेकर मां ने उसे डांट दिया, जिससे नाराज होकर मासूम बालिका अकेले ही पैदल लगभग 35 किलोमीटर का सफर तय कर शाम करीब 5 बजे परतावल चौराहे पहुंच गई।
चौराहे पर अकेली घूम रही बालिका को देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ के बाद वे उसे परतावल पुलिस चौकी ले आए। वहां पुलिसकर्मियों ने बालिका से जानकारी ली, लेकिन वह केवल अपना नाम, पिता का नाम और थाना गुलरिया का नाम ही बता सकी।
इसके बाद थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह व चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय की ततपरता दिखाते हुये चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल राजकुमार सिंह और राहुल यादव ने बिना समय गंवाए बाइक से गुलरिया क्षेत्र के लिए रवाना होकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयास के बाद रात करीब 11 बजे वे बरौली गांव स्थित बालिका के मामा रोहित पुत्र रामानंद के घर पहुंचे और कांति चौहान को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के मानवीय व्यवहार व तत्पर कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *