नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, लोगों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

अतिक्रमण के कारण भी राहगीरों की बढ़ी परेशानी, लोगों ने की मानक के अनुरूप निर्माण की मांग

परतावल संवाददाता। नगर पंचायत परतावल में पिपराइच रोड से बभनौली की ओर जाने वाले लिंक मार्ग पर चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए इसकी जांच कराने और नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के दौरान सड़क की स्थिति के साथ-साथ जल निकासी के प्राकृतिक बहाव का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर नाली की दिशा और निर्माण के तरीके को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि निर्माण कार्य में आवश्यक मानकों और जल निकासी की व्यवस्था का ध्यान नहीं रखा गया तो आने वाले समय में जलभराव और जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

वहीं, लिंक मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण होने से सड़क की वास्तविक चौड़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसके चलते राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के साथ ही मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जरूरी है, ताकि सड़क पर आवागमन सुचारु हो सके।

स्थानीय निवासी सुधांशु, अमित, बन्हू, रुदल, मनोहर, अनिरुद्ध, राजेश एवं कृष्णबंधु ने नगर पंचायत प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने, नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने तथा लिंक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर गुणवत्ता और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि बाद में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *