निर्माणाधीन सीढ़ी भरभराकर गिरी, मलबे में दबकर मजदूर गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश महराजगंज

प्रभावती देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में हादसे से मची अफरा-तफरी, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के हरपुर चौराहे स्थित प्रभावती देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में बुधवार सुबह निर्माणाधीन सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान सीढ़ी खोलने का काम कर रहा एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घायल मजदूर की पहचान भिटौली थाना क्षेत्र के जिद्दूपिपरा निवासी बदरेआलम (45) पुत्र जलुश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब 13 दिन पहले विद्यालय में नई सीढ़ी का निर्माण कराया गया था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे दो मजदूर निर्माणाधीन सीढ़ी को खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सीढ़ी का पूरा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा और बदरेआलम उसके मलबे में दब गया।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मजदूर को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सीढ़ी निर्माण के महज करीब 13 दिन बाद ही उसके ढहने की घटना से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है। घटना के बाद अब संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जांच की मांग उठ रही है।

फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद ही यह सामने आ सकेगा कि सीढ़ी इतनी जल्दी क्यों ढही और निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *