महराजगंज। जिले में दोस्तों के बीच पार्टी के दौरान पिस्टल से आकस्मिक फायर होने का मामला सामने आया है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे ग्राम समरधीरा चौराहे स्थित अंडे की दुकान पर चार दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान जिसान हाशमी के पास मौजूद पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त हाथ में लेकर देख रहे थे।
बताया गया कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद पिस्टल दूसरे युवक ने अपने हाथ में लेकर ट्रिगर दबाया, तभी अचानक गोली चल गई। गोली सामने बैठे जिसान हाशमी के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल जिसान को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई पुलिस द्वारा कराई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना दोस्तों के बीच पिस्टल के साथ लापरवाहीपूर्वक किए गए प्रयोग के दौरान हुए आकस्मिक फायर के कारण होना सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, तहरीर प्राप्त कर उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।