त्योहारों को लेकर श्यामदेउरवा थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर

महराजगंज उत्तर प्रदेश

परतावल/श्यामदेउरवा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर श्यामदेउरवा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र के धर्माचार्य, मौलाना, जनप्रतिनिधि और सम्मानित नागरिकों ने भाग लेकर आपसी भाईचारा बनाए रखने पर चर्चा की।

बैठक में उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह तथा भिटौली थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार राय समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान नगर पंचायत परतावल सभासद काशीनाथ सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों को बाइक चलाने की अनुमति तब तक नहीं देनी चाहिए, जब तक वे निर्धारित उम्र के न हो जाएं। उन्होंने पुलिस से भी हेलमेट जांच अभियान को और सघन करने की अपील की, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो और मार्ग दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

काशीनाथ सिंह ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी समुदायों के लोगों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए।

बैठक में मौजूद धर्माचार्यों, मौलानाओं और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *