पत्नी अफसारुन निशा ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर पति की तलाश कराने और उसे सकुशल घर वापस लाने की लगाई गुहार

महराजगंज उत्तर प्रदेश

 पति लापता, पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खास गांव निवासी 29 वर्षीय नईम खान के रहस्यमय ढंग से लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। कई दिनों से पति का कोई सुराग नहीं मिलने पर पत्नी अफसारुन निशा ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर पति की तलाश कराने और उसे सकुशल घर वापस लाने की गुहार लगाई है। मामले में भिटौली पुलिस ने मिसिंग पर्सन रजिस्ट्रेशन भी दर्ज किया है।

 

शिकायत के मुताबिक नईम खान पुत्र सेराज 18 जुलाई 2026 की शाम करीब चार बजे अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (UP56 AW 3083) से घर से निकला था। पत्नी का कहना है कि उसकी सास ने नईम को फोन कर छपिया चौराहे पर बातचीत के लिए बुलाया था। करीब एक घंटे बाद जब पत्नी ने पति के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद से नईम का मोबाइल बंद है और उसका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। लगातार संपर्क नहीं होने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।

पहले भी दिए गए थे प्रार्थना पत्र, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

नईम की पत्नी अफसारुन निशा का आरोप है कि पति को लेकर पारिवारिक विवाद के संबंध में उसने पहले भी पुलिस को कई बार प्रार्थना पत्र दिए थे। उसके अनुसार 28 जून, 30 जून और 15 जुलाई को संबंधित थाने में शिकायतें दी गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पति के अचानक लापता होने से उसने अनहोनी की आशंका जताई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसे आशंका है कि परिवार के कुछ लोगों ने साजिश के तहत उसके पति को कहीं रोक रखा है अथवा उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

20 जुलाई को दर्ज हुई गुमशुदगी

पुलिस दस्तावेज के अनुसार भिटौली थाने में 20 जुलाई 2026 को नईम खान की गुमशुदगी का मिसिंग पर्सन रजिस्ट्रेशन संख्या 0032/2026 दर्ज किया गया। दस्तावेज में लापता युवक की उम्र 29 वर्ष और पता लक्ष्मीपुर खास, भिटौली, महराजगंज दर्ज है।

परिजनों का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद नईम का कोई सुराग नहीं मिलने से उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल लोकेशन, मोटरसाइकिल और संभावित संपर्कों की जांच कर नईम की जल्द तलाश करने तथा उसे सकुशल घर वापस लाने की मांग की है।

फिलहाल परिवार की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं और हर गुजरता दिन परिजनों की चिंता बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *