कैंपियरगंज के लक्ष्मीपुर द्वितीय के गजरहिया टोले में दर्दनाक हादसा, विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का लिया जायजा
कैंपियरगंज/गोरखपुर:- कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर द्वितीय के टोला गजरहिया में शनिवार को भीषण बारिश, आंधी और तूफान के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। झोपड़ी पर अचानक पेड़ गिरने से उसके अंदर मौजूद चार लोग पेड़ के नीचे दब गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा तहसील प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में किशन पुत्र हीरालाल (13 वर्ष), सुभाष पुत्र भुल्लुर (45 वर्ष) और ज्ञानमती पत्नी महानंद (40 वर्ष) की मौत हो गई।
वहीं श्याम मिलन पुत्र रामलखन (50 वर्ष)गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। खराब मौसम और भीषण बारिश के बावजूद विधायक ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया तथा अधिकारियों और पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली।
विधायक ने घायल को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
प्रशासन और पुलिस टीम रही मौके पर मौजूद
घटनास्थल पर एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया गया और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
शाम करीब छह बजे प्राप्त सूचना के अनुसार प्रशासन ने हादसे में तीन लोगों की मृत्यु की पुष्टि की। पुलिस और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी है।
हादसे के बाद गजरहिया टोले में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की टीम घटना से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।