बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंची मेडिकल मोबाइल यूनिट, गांव-गांव मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं

कुशीनगर

हिन्द सन्देश टाइम्स
कुशीनगर ब्यूरो चीफ
शिव शंभू सिंह

खड्डा, कुशीनगर। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कुशीनगर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल मोबाइल यूनिट उपलब्ध कराई गई है। मेडिकल मोबाइल यूनिट एंबुलेंस के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को चिकित्सीय परामर्श, जांच और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराएगी।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेडिकल मोबाइल यूनिट की शुरुआत सालिकपुर से की गई। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी खड्डा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।
स्वास्थ्य टीमों द्वारा शिवपुरी, मरचहवा, नारायणपुर, बसंतपुर, हरिहरपुर, सालिकपुर, नरकहवा, छितौनी, पनियहवा, रंजीत जंगल, शाहपुर, मांगी और भगवानपुर समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। जरूरत के अनुसार लोगों को दवाएं एवं चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि बाढ़ के दौरान प्रभावित ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके और किसी भी प्रकार की बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीर होने से पहले उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *