हिन्द सन्देश टाइम्स
रुड़की। उत्तराखंड रत्न एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर अफजल मंगलौरी दुबई और शारजाह में आयोजित इंटरनेशनल मुशायरे एवं कवि सम्मेलन में भाग लेने के बाद स्वदेश लौट आए हैं। इस दौरान उन्हें साहित्यिक सेवाओं के लिए मैक्वे ग्रुप्स न्यू टेक ग्रुप दुबई की ओर से इंटरनेशनल लिटरेरी अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह दुबई के होटल कॉनकॉर्ड क्रीक व्यू में आयोजित हुआ, जहां ग्रुप के चेयरमैन मुशर्रफ अली ने कहा कि भारत के साहित्यकार व कलाकार विदेशों में अपनी संस्कृति और कला की पहचान को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अफजल मंगलौरी ने उत्तराखंड गठन के समय से ही अरब अमीरात समेत अन्य देशों में देवभूमि का नाम साहित्य जगत में रोशन किया है और भारतीय समुदाय को वतन से जोड़े रखने का कार्य किया है।

इस अवसर पर एसकेवाई फंड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुरेश आचार्य, मौलाना आजाद ओपन यूनिवर्सिटी हैदराबाद के पूर्व सचिव व समाजसेवी शाहिद अली, भारतीय उद्यमी नवल किशोर भाटी, कादिर खान सहित कई गणमान्य अतिथियों ने उन्हें अवार्ड, सम्मान चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इससे पूर्व शारजाह में बज्मे आजमगढ़ द्वारा दानिश जिया के संयोजन में आयोजित आलमी मुशायरे व कवि सम्मेलन में अफजल मंगलौरी ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में अमेरिका, लंदन, सऊदी अरब, कनाडा सहित भारत के नामचीन शायरों ने शिरकत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बंबई के विधायक अबू आसिम आजमी और विशेष अतिथि जिम्बाब्वे से आए उद्योगपति बदर सिद्दीकी रहे। मुशायरे की सदारत लंदन से आए उस्ताद शायर फहीम अख्तर ने की।

इस अवसर पर भारत से जौहर कानपुरी, शबीना अदीब, शकील आजमी, हामिद भुसावली, जाह्नवी सहगल, मैक्स आजमी, अज्म शाकरी, आशिका चन्देलया, अख्तर आजमी, हसन काजमी, फैज खलीलाबादी, प्रवेज अख्तर, लंदन से तारिक जमाल, फहीम अख्तर, अमेरिका से हुमेरा गुल तश्ना, अरब अमीरात से कासिम फराही व हिना अब्बास सहित कई चर्चित शायरों ने शिरकत की।
कार्यक्रम का संचालन मारूफ रायबरेलवी ने किया और अंत में कमेटी के चेयरमैन हाजी मोहम्मद राशिद ने सभी का आभार व्यक्त किया।