परतावल/महराजगंज:- राज पब्लिक स्कूल, बेलवा बुजुर्ग में रक्षाबंधन का पर्व पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को राखी बाँधकर भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती को सजीव किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सिर्फ राखी बाँधने तक ही नहीं रुके, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग की शपथ भी ली।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। शिक्षकों ने रक्षाबंधन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को बताते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।
विद्यालय प्रबंधक राजनरायण ने बच्चों की भागीदारी और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से न केवल बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ता है, बल्कि सामाजिक मूल्यों की भी नींव मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाइयाँ वितरित की गईं और सभी ने मिलकर इस पर्व को भाईचारे और एकता के प्रतीक के रूप में मनाया।