पुलिस और गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़, आरोपी गोली लगने से घायल

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसपार मोड़ पर स्थित सेमरा-चंद्रौली नहर पुल पर सोमवार की भोर में पुलिस और एक गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश में फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी परतावल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में गो-तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में सोमवार की भोर करीब ढाई बजे पुलिस टीम ने बसपार मोड़ के पास घेराबंदी की। उसी दौरान वांछित आरोपी सलीम (28) निवासी पकड़ी खुर्द, थाना कोतवाली, जनपद महराजगंज वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और गोली चला दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के प्रयास में जवाबी कार्यवाही की। गोली लगने से आरोपी सलीम के पैर में चोट आई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की।

आरोपी के खिलाफ पहले से ही गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस घटना से जुड़ा मामला थाना श्यामदेउरवा में धारा 3/54/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पहले से दर्ज बताया गया।

घायल आरोपी को तुरंत सीएचसी परतावल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तमंचा, कारतूस सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।

मुठभेड़ के दौरान श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, स्वाट प्रभारी अखिलेश सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश प्रताप सिंह और चौकी प्रभारी अमित सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी ने सीएचसी परतावल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की पूरी जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *