चोरों के निशाने पर फिर प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर खास, चौथी बार हुआ

उत्तर प्रदेश महराजगंज

भिटौली/महराजगंज :- भिटौली थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर खास में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर विद्यालय के रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया और मध्यान्ह भोजन में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, दो बड़े भगोने, एक छोटा भगोना, पलटा, करछुल समेत खाद्य सामग्री उठा ले गए।
शनिवार सुबह विद्यालय खुलने पर घटना की जानकारी हुई। टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देख विद्यालय परिवार स्तब्ध रह गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और लगातार हो रही चोरियों पर आक्रोश जताया।
विद्यालय में यह चोरी की चौथी घटना बताई जा रही है। बार-बार हो रही वारदातों से मध्यान्ह भोजन योजना प्रभावित हो रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
प्रधानाध्यापक शशि वर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए चौकी प्रभारी सिसवा मुंशी को लिखित सूचना देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन कब सक्रियता दिखाते हुए चोरों को गिरफ्तार कर विद्यालय और ग्रामीणों को राहत दिला पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *