घुघली- छात्रा मानसी मोदनवाल बनी एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज:-  मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत घुघली ब्लाक की कंपोजिट विद्यालय घुघली प्रथम की छात्रा मानसी मोदनवाल को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का दायित्व सौंपा गया। खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पाण्डेय की मौजूदगी में छात्रा ने कार्यभार ग्रहण किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुश्री रिद्धि पाण्डेय की पहल पर यह अवसर प्रदान किया गया ताकि छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पाण्डेय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान एआरपी बालमुकुंद ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति का व्यापक लक्ष्य महिलाओं और छात्राओं के सशक्तिकरण, समाज में उनका सम्मान बढ़ाना और जनसंख्या अनुपात, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट दर, बाल विवाह एवं लैंगिक शोषण जैसे सामाजिक सूचकांकों में सुधार लाना है।

इस अवसर पर बीआरसी घुघली पर कार्यरत ईनामुल्लाह, अनूप गुप्ता, विशाल सिंह, प्रमोद पाण्डेय, कंप्यूटर सहायक सहित समस्त एआरपी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *