महराजगंज। आगामी त्यौहार धनतेरस के दृष्टिगत जनपद में शांति व कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना कोल्हुई क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, सर्राफा मार्केट, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण एवं भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने आम जनमानस व व्यापारियों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली तथा पुलिस बल को सतर्क रहते हुए सक्रिय गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे और नागरिक निश्चिंत होकर त्यौहार का आनंद ले सकें।