महराजगंज। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद महराजगंज की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावा व आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। यह प्रक्रिया 6 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को समस्त बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथों पर पूर्वाह्न 10.30 बजे से अपराह्न 4.30 बजे तक उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावलियों को पढ़कर सुनाएंगे। इस दौरान निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित दावा एवं आपत्तियां भी स्वीकार की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जो इस प्रकार हैं—
18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 1 फरवरी 2026 (रविवार)। इन विशेष अभियान दिवसों पर सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
विशेष अभियान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रकार के प्रपत्र, जिनमें फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 (घोषणा पत्र सहित) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सुपरवाइजर एवं मतदान अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करेंगे।
निर्वाचक नामावली से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी कार्यालय, सहायक निर्वाचन कार्यालय अथवा डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल सेंटर के दूरभाष संख्या 05523-222242 एवं टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।