खड्डा, कुशीनगर ( हिन्द सन्देश टाइम्स) शिव शम्भू सिंह
तहसील खड्डा अंतर्गत नगर पंचायत छितौनी के वार्ड संख्या 13 सुभाषनगर में पट्टा भूमि को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। वर्ष 2016 में आवंटित आवासीय पट्टे की जमीन पर कब्जा न मिलने से नाराज दर्जनों लाभार्थियों ने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
लाभार्थियों का कहना है कि उन्हें गाटा संख्या 2158 की भूमि का विधिवत पट्टा दिया गया था, लेकिन आज तक वास्तविक कब्जा नहीं दिलाया गया। इस मामले में वर्ष 2019 में जिलाधिकारी न्यायालय, कुशीनगर में वाद संख्या 01727/2019 धारा 66, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 के तहत मामला दर्ज हुआ था। न्यायालय ने वाद की पैरवी और साक्ष्य के अभाव में वाद को निरस्त कर दिया, किंतु इसके बावजूद जमीन पर कथित अवैध कब्जा बना हुआ है।

अनशन पर बैठे नथुनी, रामप्रीत, रामप्यारे, जीतन, रामबली, रामचंद्र, गिरधारी, बाबूलाल, लालजी, नंदू और रामधारी सहित अन्य पट्टाधारकों का आरोप है कि दबंग तत्वों के भय से वे अपने हिस्से की जमीन पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अनशनकारियों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाए और उन्हें उनकी आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।