रुड़की। भारत रक्षा मंच द्वारा नगर निगम सभागार में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संबोधित करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित आदर्श शासन व्यवस्था भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अदम्य साहस, रणनीतिक कौशल और जनसमर्थन के बल पर मुग़ल सत्ता को चुनौती दी और स्वराज की स्थापना की।
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने राष्ट्र और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए गुरिल्ला युद्ध नीति अपनाई, जो उस समय की शक्तिशाली मुग़ल सेना पर भारी पड़ी। आज के दौर में भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। देश के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों का सामना संगठित होकर ही किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे स्वामी लोकेश जी महाराज ने कहा कि शिवाजी महाराज का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और मातृभूमि की रक्षा को समर्पित रहा। वे ऐसे वीर योद्धा थे जिन्होंने कभी पराजय स्वीकार नहीं की और विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस का परिचय दिया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। भारत रक्षा मंच की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि चौधरी एवं महामंत्री अजीत सिंह के संचालन में आयोजित इस समारोह में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, विधायक प्रदीप बत्रा, कर्नल विशाल रोशनिया, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह तथा मेयर अनीता देवी अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर संजीव कुमार कौशिक एडवोकेट, सुभाष सरीन, दिनेश पंवार, अशोक शर्मा, ललित मोहन अग्रवाल, चौधरी धीर सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर मेहरबान भंडारी, अफजल मंगलौरी, आशा धसमाना, धीरज पाल, डॉ. नवनीत सिंह, डॉ. सुभाष, शिवम अग्रवाल (पार्षद), संजय प्रजापति, रश्मि गुप्ता, सरस्वती रावत, निर्मला देवी, अनूप बंसल, विजयपाल, डॉ. कुलदीप रघुवंशी, प्रवीण गोयल, अनुज त्यागी, मदन, कुलदीप एवं अमरीश सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को इतिहास के महान नायकों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।