महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अनुबंधित रोडवेज बस के पिछले दो पहिए अचानक फट गए। घटना बसहिया बुजुर्ग के समीप परतावल–गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर हुई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और सतर्कता के कारण बस अनियंत्रित नहीं हुई और बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की अनुबंधित बस निचलौल से महाराजगंज होते हुए गोरखपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। दोपहर के समय जैसे ही बस परतावल–गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर बसहिया बुजुर्ग के पास पहुंची की तभी अचानक बस के पीछे एक तरफ के दोनों टायर तेज धमाके के साथ फट गए।
टायर फटने की तेज आवाज सुनते ही बस में बैठे यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट और अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री सीटों से उठकर खड़े हो गए और बस रुकने का इंतजार करने लगे। हालांकि चालक ने घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बस की रफ्तार कम की और सावधानीपूर्वक बस को सड़क किनारे सुरक्षित रोक दिया। चालक की इस तत्परता के कारण बस अनियंत्रित नहीं हुई और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बस रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ लग गई। यात्रियों को दूसरी बस या अन्य साधनों से आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा अनुबंधित बसों की फिटनेस और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता, जिससे इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने मांग की है कि सड़क पर चलने वाली सभी अनुबंधित बसों की नियमित तकनीकी जांच कराई जाए और खराब टायर या अन्य खामियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।